भोपाल, 31 जुलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 1 अगस्त को जबलपुर प्रवास के दौरान विकास, पर्यावरण और शहरी सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वे 11 लाख पौधारोपण महाअभियान की शुरुआत भी करेंगे।
जनसंपर्क विभाग के अनुसार, मुख्यमंत्री डुमना नेचर पार्क में 'कैच द रेन' अभियान के तहत 11 लाख पौधारोपण अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके अंतर्गत उमरिया, डुमना और कठौंदा क्षेत्र में मियावाकी पद्धति से पांच लाख पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही उमरिया में पांच एकड़ के पौध-पहचान पार्क, डुमना में 'नवग्रह वाटिका' और जल संरक्षण के लिए सोकपिट निर्माण की शुरुआत भी होगी।
मुख्यमंत्री घंटाघर स्थित गीता भवन में 362.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 'अमृत 1.0' सीवेज परियोजना और कठौंदा, ललपुर तथा तेवर में निर्मित तीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना से लगभग 89 हजार घरों को बेहतर सीवेज सुविधा का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान सिविल लाइन क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडर्न लॉन्ड्री और गुरंदी में 2.5 करोड़ रुपये की लागत से बने नए पक्के मत्स्य बाजार का भी उद्घाटन किया जाएगा। नए मत्स्य बाजार में 55 व्यापारियों को आधुनिक सुविधाओं वाली दुकानें उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री पीएम स्वनिधि योजना के 500 हितग्राहियों को डिजिटल कार्ड वितरित करेंगे। इसके अलावा तिलवारा में नव-निर्मित थाना भवन और पुलिस आवासों का लोकार्पण भी किया जाएगा।

















