नाहन, 30 जुलाई।
जिला सिरमौर पुलिस ने नाहन शहर में पार्क की गई कारों से लगातार टायर चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वैज्ञानिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चार अलग-अलग चोरी के मामलों को सुलझाया है।
पुलिस के अनुसार, नाहन में बिरोजा फैक्ट्री के पास, अस्पताल रोड, शनाड़ी लिंक रोड और संस्कृत कॉलेज के नीचे पार्क की गई कारों से टायर, रिम और अलॉय व्हील चोरी किए गए थे। इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी अभिमन्यु (22), निवासी चिड़ावाली मोहल्ला नाहन, देर रात सुनसान जगहों पर खड़ी कारों को निशाना बनाता था। वह कारों के चारों टायर और रिम खोलकर उन्हें अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में ले जाता और चंडीगढ़ के मनीमाजरा मोटर मार्केट में बेच देता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी दुकानदारों को यह झूठ बताता था कि उसकी कार के अलॉय व्हील वाहन के दस्तावेजों के अनुसार सही नहीं हैं और चालान होने की संभावना है। इसके बाद वह चोरी किए गए टायर अपनी कार में लगवाकर पुराने टायर दुकानदारों को बेच देता था।
जांच में पता चला कि आरोपी ने चोरी किए गए टायर अलग-अलग दुकानदारों को 8 हजार से 11,500 रुपये तक में बेचे थे। पुलिस ने सभी चोरी किए गए टायर, रिम और अलॉय व्हील बरामद कर लिए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जिला सिरमौर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन सुरक्षित और रोशनी वाले स्थानों पर पार्क करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

















