बक्सर, 30 जुलाई।
बक्सर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए लावारिस बैगों से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर को सौंप दिया गया है।
आरपीएफ के अनुसार, गुरुवार को ट्रेन संख्या 20802 के स्टेशन से रवाना होने के बाद प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर नए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के पास जांच के दौरान पांच लावारिस बैग और झोले मिले। संदेह के आधार पर इनकी तलाशी ली गई, जिसमें ऑफिसर्स चॉइस ब्रांड के 368 टेट्रा पैक बरामद हुए।
आरपीएफ ने बताया कि बरामद शराब की कुल मात्रा 66.24 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 47,840 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान आरपीएफ के उपनिरीक्षक बीएस ओझा, सहायक उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक उमेश कुमार राय और हेड कांस्टेबल अशोक कुमार शामिल रहे।
बिहार में शराबबंदी लागू होने के कारण शराब का परिवहन और भंडारण प्रतिबंधित है। आरपीएफ ने बरामद शराब को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर को सौंप दिया। मामले में बिहार आबकारी संशोधन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।

















