मुंबई, 30 जुलाई।
निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' का आधिकारिक ट्रेलर गुरुवार को दुनियाभर में जारी कर दिया गया। नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, आठ बार ऑस्कर जीत चुके वीएफएक्स स्टूडियो डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से तैयार इस फिल्म का ट्रेलर हिंदी समेत तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया गया है।
फिल्म का वैश्विक वितरण सोनी पिक्चर्स संभालेगा, वहीं उत्तर भारत में इसके प्रदर्शन की जिम्मेदारी धर्मा प्रोडक्शंस के पास रहेगी। दो भागों में बनने वाली इस महागाथा का पहला भाग दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभाते नजर आएंगे। इसके अलावा अरुण गोविल राजा दशरथ, रवि दुबे लक्ष्मण, शोभना कैकेयी, अजिंक्य देव ऋषि विश्वामित्र, कुणाल कपूर भगवान इंद्र और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में दिखाई देंगी।
फिल्म की कहानी भगवान राम के वनवास से शुरू होकर रावण के साथ धर्म और अधर्म के महायुद्ध तक की यात्रा को भव्य सिनेमाई रूप में पेश करेगी। इसकी पटकथा श्रीधर राघवन ने तैयार की है। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता हांस जिमर और ए.आर. रहमान ने दिया है।
निर्माता नमित मल्होत्रा ने कहा कि 'रामायण' सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास है। वहीं निर्देशक नितेश तिवारी ने बताया कि उनका उद्देश्य इस कालजयी कथा को पूरी श्रद्धा, प्रामाणिकता और भव्यता के साथ बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करना है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म अपनी भावनात्मक गहराई, तकनीकी गुणवत्ता और शानदार प्रस्तुति के माध्यम से दुनियाभर के दर्शकों से जुड़ने में सफल होगी।
















