झांसी, 30 जुलाई।
झांसी में प्रॉपर्टी डीलर संजय सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी और 25 हजार रुपये के इनामी शूटर हुसैन उर्फ खड्डा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, वहीं उसका साथी जितेंद्र उर्फ जीतू यादव मौके से भाग निकला।
पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार, फरार चल रहे हुसैन पर हत्या के मामले में इनाम घोषित था। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, गुरसराय के हैवतपुरा निवासी संजय सिंह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। संपत्ति के लेन-देन को लेकर उनका धर्मेंद्र परिहार और अजय यादव से विवाद चल रहा था।
आरोप है कि इसी विवाद के चलते धर्मेंद्र और अजय ने जितेंद्र उर्फ जीतू, अजीम उर्फ शैफी और हुसैन उर्फ खड्डा को सुपारी देकर संजय सिंह की हत्या की साजिश रची थी।
23 जुलाई की रात करीब नौ बजे संजय सिंह 'द मेड किचिन' रेस्टोरेंट में अपने साथियों के साथ मौजूद थे। इसी दौरान बदमाश वहां पहुंचे और उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की थीं।
पुलिस ने घटना के 72 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। वहीं हुसैन उर्फ खड्डा और जितेंद्र उर्फ जीतू यादव फरार चल रहे थे।
गुरुवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक मुस्तरा स्टेशन रोड स्थित जेडीए कॉलोनी के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम के पहुंचते ही बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की।
जवाबी कार्रवाई में हुसैन के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। पूछताछ में उसने संजय सिंह हत्याकांड में मुख्य शूटर होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। फरार आरोपी जितेंद्र यादव की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

















