प्रयागराज, 30 जुलाई।
उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज इकाई ने आईटीआई परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रधानाचार्य, परीक्षा प्रभारी, अनुदेशकों और साल्वरों समेत 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ के अनुसार, यह कार्रवाई राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की वार्षिक अखिल भारतीय व्यवसायिक परीक्षा के दौरान हुई। गिरोह कंप्यूटर आधारित परीक्षा में नकल कराने का काम कर रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में प्रधानाचार्य, परीक्षा प्रभारी, कई अनुदेशक और साल्वर शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसटीएफ ने मौके से 5 लाख 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा पांच कंप्यूटर, पांच मॉनीटर, माउस, की-बोर्ड और एटीएम-67 से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में नैनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसटीएफ अब पूरे गिरोह की भूमिका और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नकल कराने वाले इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

















