गुवाहाटी, 30 जुलाई।
गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्लास्टिक सर्जरी विभाग में गुरुवार को छत की सिलिंग का हिस्सा गिर गया। हादसे में चार मरीज घायल हो गए, जिसके बाद अस्पताल में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, वार्ड के अंदर इलाज करा रहे मरीजों पर अचानक छत का हिस्सा टूटकर गिर गया। घटना के बाद अस्पताल कर्मचारियों ने तुरंत पहुंचकर घायलों की मदद की और उन्हें चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, घायल मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है।
शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि विभाग की छत की सिलिंग काफी समय से खराब स्थिति में थी। आशंका जताई जा रही है कि सही रखरखाव और मरम्मत नहीं होने के कारण यह घटना हुई।
इस हादसे के बाद राज्य के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान के भवन रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सिलिंग गिरने के कारणों की आधिकारिक जांच को लेकर अभी जानकारी का इंतजार है।

















