गुवाहाटी, 30 जुलाई।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त तटबंधों और नदी कटाव वाले इलाकों में मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है। प्रभावित क्षेत्रों को जल्द सामान्य स्थिति में लाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन परिस्थितियों और बीच-बीच में बढ़ते जलस्तर के बावजूद विभिन्न स्थानों पर जियो ट्यूब, जियो बैग और बांस की पैलिसेडिंग जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जोरहाट जिले समेत कई क्षेत्रों में मरम्मत कार्य में अच्छी प्रगति हुई है। बाकी प्रभावित इलाकों में भी जरूरी मशीनरी, उपकरण और संसाधन उपलब्ध कराकर काम जारी रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नदियों का जलस्तर कम होने के साथ ही मरम्मत कार्य में और तेजी आएगी। प्रभावित स्थानों को जल्द बहाल करने के लक्ष्य के साथ संबंधित विभाग लगातार काम कर रहे हैं।

















