मॉस्को, 29 जुलाई।
रूस की फ़ेडरल सिक्योरिटी सर्विस (एफएसबी) ने टेलीग्राम के संस्थापक पावेल डुरोव पर आतंकवादी गतिविधियों में मदद करने का आरोप लगाया है। एजेंसी का कहना है कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय वांटेड सूची में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एफएसबी के अनुसार, पावेल डुरोव के खिलाफ रूसी आपराधिक संहिता की धारा 205.1 (भाग 1.1) के तहत आपराधिक जांच चल रही है। एजेंसी का आरोप है कि मामला आतंकवादी गतिविधियों में सहायता से जुड़ा है।
रूसी एजेंसी ने दावा किया कि टेलीग्राम ने रूसी कानूनों का उल्लंघन करते हुए ऐसे कई चैनलों, चैट और बॉट्स को नहीं हटाया, जिनका कथित तौर पर यूक्रेनी विशेष सेवाओं, आतंकवादी और चरमपंथी संगठनों द्वारा रूस में तोड़फोड़, आतंकवादी हमलों, सामूहिक हत्याओं और साइबर धोखाधड़ी जैसी गतिविधियों की योजना बनाने तथा समन्वय के लिए इस्तेमाल किया गया।
एफएसबी का दावा है कि इन कथित गतिविधियों के चलते महिलाओं और बच्चों सहित कई लोगों की जान गई और बड़े स्तर पर आर्थिक नुकसान भी हुआ।
एजेंसी के मुताबिक, पावेल डुरोव को अंतरराष्ट्रीय वांटेड सूची में शामिल करने की प्रक्रिया जारी है। मामले में आगे की जांच भी जारी रखी गई है।
















