सुपौल, 29 जुलाई।
सुपौल पुलिस ने मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 227 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। पिपरा थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। बरामद इंजेक्शनों की मात्रा करीब 454 एमएल बताई गई है।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पिपरा थाना क्षेत्र के तेतराही वार्ड संख्या-13 स्थित एक बांसबाड़ी में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 227 एम्पूल प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से आशुतोष कुमार और रविन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में पिपरा थाना में प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद नशीले इंजेक्शन कहां से लाए गए और इस नेटवर्क से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

















