नई दिल्ली, 29 जुलाई।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर संसद के भीतर और बाहर झूठ बोलकर तथा भ्रम फैलाकर माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा कि छात्रों पर फायरिंग और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आदेश का राहुल गांधी का दावा पूरी तरह निराधार है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और लोकसभा सदस्य डॉ. संबित पात्रा ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में राहुल गांधी के उस बयान को खारिज किया, जिसमें उन्होंने छात्रों पर गोली चलने और इसके लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आदेश का उल्लेख किया था। उन्होंने कहा कि छात्रों पर कोई गोली नहीं चली और बिना तथ्यों के ऐसा आरोप लगाया गया।
डॉ. पात्रा ने कहा कि संसद के भीतर लगाए जाने वाले किसी भी आरोप के समर्थन में तथ्य होना आवश्यक है। उनके अनुसार, राहुल गांधी का यह कहना कि छात्रों पर गोली चलाने का आदेश केंद्रीय गृहमंत्री ने दिया, पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में कानून के अनुसार निर्णय संबंधित मजिस्ट्रेट लेते हैं, न कि केंद्रीय गृहमंत्री।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के गृहमंत्री की गतिविधियां सार्वजनिक होती हैं और वे चोरी-छिपे विदेश नहीं जाते।
डॉ. पात्रा ने लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक पर लोकसभा में हुई चर्चा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह राहुल गांधी के सवालों का जवाब देने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन विपक्ष ने सदन का माहौल बदलने की कोशिश की।
राहुल गांधी की छात्रों से संबंधित टिप्पणी पर भी डॉ. पात्रा ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटने का प्रयास किया, जबकि भाजपा का मानना है कि देश का प्रत्येक छात्र समान है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा छात्रों का अपमान है और इससे यह स्पष्ट होता है कि उन्हें छात्रों की वास्तविक चिंता नहीं है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी को अपने बयानों पर जवाब देना चाहिए और संसद तथा देश के सामने तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए।

















