दतिया, 29 जुलाई।
दतिया विधानसभा उपचुनाव-2026 के लिए मतदान गुरुवार, 30 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्धारित समय के भीतर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन में बुधवार सुबह पॉलीटेक्निक कॉलेज से 291 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री वितरित की गई। सामग्री प्राप्त करने के बाद सभी दल अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
दतिया विधानसभा उपचुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से 36 सेक्टरों में सेक्टर अधिकारियों के साथ चिकित्सा अधिकारियों की भी तैनाती की गई है। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी भूपेंद्र सिंह कुशवाह ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं, ताकि मतदान के दौरान आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य सेवाएं भी तत्काल उपलब्ध कराई जा सकें।
उधर, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा के मार्गदर्शन में स्वीप आइकॉन सारिका घारू ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आग्रह किया। मौसम को देखते हुए उन्होंने मतदाताओं को सुबह जल्दी मतदान केंद्र पहुंचने और दतिया में मतदान का नया रिकॉर्ड बनाने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि मतदान के समय मतदाता वोटर आईडी या निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 12 फोटोयुक्त पहचान पत्रों में से किसी एक के माध्यम से मतदान कर सकते हैं। इस बार मतदान केंद्रों पर दो बैलेट यूनिट उपलब्ध रहेंगी, इसलिए मतदाता अपने पसंदीदा उम्मीदवार के सामने दिया गया बटन सावधानीपूर्वक दबाएं। मतदान के बाद वीवीपैट की स्क्रीन पर दिखाई देने वाली पर्ची का मिलान भी अवश्य करें, ताकि मतदान प्रक्रिया के प्रति विश्वास और पारदर्शिता बनी रहे।

















