रायपुर, 29 जुलाई।
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर से विधायक किरण सिंह देव बुधवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में हुए एक सड़क हादसे में घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। उन्हें एयरलिफ्ट कर रायपुर लाने की भी तैयारी की जा रही है। हादसे के समय उनकी पत्नी और बच्चे दूसरी गाड़ी में सवार थे और सुरक्षित हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार किरण सिंह देव परिवार के साथ बागेश्वर धाम में दर्शन-पूजन कर छत्तीसगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित झरर घाट के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया गया कि सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे जा टकराई।
हादसे में किरण सिंह देव की कमर में चोट आई है, जिससे उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही है। डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार के फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
कार में सवार उनके पीएसओ, पीए और चालक को भी मामूली चोटें आई हैं। वहीं, काफिले में शामिल पीछे चल रही अन्य सभी गाड़ियां सुरक्षित रहीं। बताया गया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर वह निजी कार्यक्रम के तहत बागेश्वर धाम गए थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया के माध्यम से किरण सिंह देव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि झांसी मेडिकल कॉलेज में उनका उपचार चल रहा है और मां दंतेश्वरी से उनके जल्द पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

















