फर्रुखाबाद, 29 जुलाई।
जिले के कादरी गेट थाना क्षेत्र में चोरों ने एक नर्सिंग होम संचालक के सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सामान और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई, जब परिवार संचालक के निधन के बाद अंतिम संस्कार और दशगात्र की रस्मों में व्यस्त था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार नेकपुर चौरासी रोड स्थित सिंह अस्पताल के संचालक आशुतोष सिंह सेंगर अपने परिवार के साथ बिर्राबाग हवाई पट्टी क्षेत्र में रहते थे। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर पहले नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें एमजे अस्पताल, कानपुर ले जाया गया, जहां 18 जुलाई को उनका निधन हो गया।
आशुतोष सिंह सेंगर के निधन के बाद परिजन उनका शव लेकर पैतृक गांव चले गए थे और दशगात्र की तैयारियों में जुटे थे। इसी दौरान चोरों ने सूना मकान पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना में लाखों रुपये के सामान की चोरी होने की बात सामने आई है।
बुधवार को आशुतोष के भतीजे विनोद सेंगर जब बिर्राबाग स्थित मकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। इसके बाद उन्होंने तत्काल कादरी गेट थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
जांच अधिकारी दारोगा दीपक कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर चोरी का मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस आसपास के साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपितों की तलाश में जुटी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है।

















