जौनपुर, 29 जुलाई।
सुजानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कोटिला में मेड़बंदी कराने पहुंची राजस्व टीम और पुलिस पर कथित पथराव तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने चार महिलाओं सहित छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बदलापुर के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में सुजानगंज पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार मुकदमा संख्या 272/2026 के तहत दर्ज मामले में राजस्व विभाग की टीम ग्राम कोटिला में मेड़बंदी का कार्य कराने पहुंची थी। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और पुलिस व राजस्व कर्मियों पर पथराव कर माहौल बिगाड़ दिया।
मामले में पुलिस ने विजय प्रताप सिंह, दारा सिंह, मंजू सिंह, शोभावती देवी, ममता और नीलम, सभी निवासी ग्राम कोटिला, को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

















