जयपुर, 29 जुलाई।
जयपुर ग्रामीण जिले के चंदवाजी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में नवजात बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीसरी बेटी के जन्म से नाराज पिता ने नवजात की हत्या कर दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला ने मंगलवार को ऑपरेशन के माध्यम से एक बच्ची को जन्म दिया था। यह परिवार की लगातार तीसरी बेटी थी। आरोप है कि तीसरी बार भी बेटी होने से नाराज पिता ने आपा खो दिया और नवजात को नुकसान पहुंचाया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपित की पहचान नीमराना निवासी रवि कुमार के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही चंदवाजी थाना पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने अस्पताल परिसर और वार्डों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।
पुलिस ने अस्पताल के डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ और परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी है। नवजात की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। पुलिस टीम सभी साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है।
घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। बेटी के जन्म के बाद इस तरह की कथित घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















