औरैया, 29 जुलाई।
अजीतमल थाना पुलिस ने हाईवे पर ट्रक चालकों को नशीला पदार्थ पिलाकर उनकी नकदी चोरी करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 20,170 रुपये नकद, दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो मोबाइल फोन, एक स्विफ्ट डिजायर कार तथा अल्प्राजोलम की गोलियां बरामद की हैं।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान सुनील कुमार शर्मा (33) पुत्र राममनोहर, निवासी ग्राम सिकौला, थाना जसपुरा, जिला बांदा (वर्तमान पता गुजैनी, बर्रा, कानपुर नगर) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह होटल कर्मचारी बनकर ट्रक चालकों को नशीला पानी पिलाता था और उनके बेहोश होने के बाद नकदी लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस के मुताबिक 28 जुलाई को मैनपुरी निवासी ट्रक चालक आदेश कुमार और सर्वेश कुमार अपने-अपने ट्रकों से बाबरपुर-अजीतमल स्थित सुंदरम होटल पर भोजन करने रुके थे। इसी दौरान आरोपित होटल कर्मचारी बनकर उनके पास पानी का जग रख गया। पानी पीने के कुछ समय बाद दोनों चालक अचेत हो गए और अपने-अपने ट्रकों में जाकर सो गए। होश आने पर उनकी जेब से करीब 62 हजार रुपये गायब मिले। पीड़ितों की शिकायत पर अजीतमल थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मधुवन ढाबा के सामने इटावा-औरैया सर्विस रोड से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) भी जोड़ी गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित के खिलाफ जालौन, बांदा, हमीरपुर और औरैया समेत कई जिलों में नशीला पदार्थ पिलाकर चोरी, चोरी, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

















