आगरमालवा, 29 जुलाई।
आगरमालवा के नवागत कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों के साथ पहली परिचयात्मक बैठक कर विभिन्न विभागों की गतिविधियों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आगामी मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि 7 अगस्त से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में प्रदेशभर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से अभियान की सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार आयोजित होने वाले शिविरों में सभी जिला अधिकारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाएं और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करें। उन्होंने अभियान का विस्तृत कैलेंडर तैयार कर जारी करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि लोक सेवा गारंटी के तहत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विहित प्राधिकारियों और जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आवेदन का निपटारा तय समय से बाहर नहीं होना चाहिए।
डॉ. शेरसिंह मीना ने फील्ड अधिकारियों से अपना सूचना तंत्र मजबूत रखने और क्षेत्र में होने वाली प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि की जानकारी समय-समय पर वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने संभावित समस्याओं का पहले से आकलन कर उनका समय पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों को विभागीय गतिविधियों, योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रत्येक स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्यों की नियमित समीक्षा कर बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जाएं।

















