Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

मध्य प्रदेश
29 Jul, 2026

भोपाल में उग्र हुआ किसान आंदोलन, चार सुरक्षा घेरे तोड़ सीएम आवास की ओर बढ़े प्रदर्शनकारी

एमएसपी और मूंग खरीदी समेत विभिन्न मांगों को लेकर किसानों के प्रदर्शन के बीच कई स्थानों पर पुलिस से धक्का-मुक्की हुई और यातायात भी प्रभावित रहा।

भोपाल, 29 जुलाई।

भोपाल में किसानों का आंदोलन बुधवार को तीसरे दिन और अधिक तेज हो गया। मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारी किसानों ने पुलिस द्वारा लगाए गए चार सुरक्षा घेरों को पार करने की कोशिश की, जिसके दौरान कई स्थानों पर पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की हुई। हालात को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई।

एमएसपी, मूंग की शत-प्रतिशत समर्थन मूल्य पर खरीदी, ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर किसान पिछले तीन दिनों से राजधानी में डटे हुए हैं। आंदोलन के दौरान कुछ किसानों ने अर्धनग्न होकर विरोध जताया, जबकि बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ते रहे। किसानों का कहना है कि सरकार लगातार आश्वासन दे रही है, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान अब तक नहीं हुआ है।

प्रदर्शनकारियों ने बोर्ड ऑफिस चौराहा, कांग्रेस कार्यालय, रेडक्रॉस अस्पताल और शिवाजी चौराहे के पास पुलिस बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान सड़क पर खड़ी बसों पर भी कई किसान चढ़ गए और उन्हें हटाने की कोशिश की। स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया।

आंदोलन के दौरान कई किसानों ने अपनी कमीज और बनियान उतारकर अर्धनग्न प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि सरकार उनकी आवाज नहीं सुन रही है, इसलिए विरोध दर्ज कराने के लिए उन्हें यह तरीका अपनाना पड़ा। किसानों ने आरोप लगाया कि फसल का उचित दाम नहीं मिलने से आर्थिक संकट लगातार बढ़ता जा रहा है।

इस बीच आंदोलनकारी केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास के बाहर भी पहुंच गए और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने वाहनों को सड़क पर खड़ा कर मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया। मौके पर बम निरोधक वाहन भी तैनात किया गया है तथा आवास के बाहर भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

प्रदर्शनकारी दशरथ पटेल ने कहा कि किसान किसी से भीख नहीं मांग रहे, बल्कि अपना अधिकार मांग रहे हैं। उन्होंने सरकार पर चुनावी वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया।

आंदोलन में शामिल कुछ महिला किसानों ने कहा कि उन्हें लाड़ली बहना योजना की राशि नहीं, बल्कि मूंग की फसल का उचित मूल्य चाहिए। रायसेन से आंदोलन के समर्थन में पहुंचीं प्रियंका रघुवंशी ने सरकार से किसानों की मांगें शीघ्र पूरी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं होती हैं तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को इस्तीफा दे देना चाहिए।

प्रदर्शन स्थल पर किसानों ने सरकार की सद्बुद्धि के लिए हवन किया। वहीं कई किसान सड़क किनारे भोजन बनाते और विश्राम करते दिखाई दिए। प्रदर्शनकारियों ने दाल-बाटी बनाकर सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी की।

कांग्रेस का समर्थन

बुधवार शाम प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे आंदोलनकारी किसानों का कांग्रेस और किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर स्वागत किया। कांग्रेस नेताओं ने किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में विस्तार दिया जाएगा। किसान कांग्रेस ने चेतावनी दी कि 3 अगस्त तक मांगें पूरी नहीं होने पर हाईवे जाम करने के साथ मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री के आवास का घेराव किया जाएगा।

आमजन पर असर, स्कूल बंद

किसान आंदोलन के चलते नर्मदापुरम रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक डायवर्ट किया, जिससे शहर के विभिन्न हिस्सों में लंबा जाम लग गया। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने नर्मदापुरम रोड स्थित सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया। इसके कारण हजारों लोगों को कार्यालय, स्कूल और अस्पताल पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

किसानों की प्रमुख मांगें

मूंग की शत-प्रतिशत समर्थन मूल्य पर खरीदी, एमएसपी की कानूनी गारंटी, ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करना, खाद और कृषि संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा किसानों से जुड़े लंबित भुगतान और वादों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना।

|
आज का राशिफल

बुद्घि व धन का दुरूपयोग न करें। व्यापार में स्थिति नरम रहेगी। भ्रातृपक्ष में विरोध की संभावना है। आय-व्यय समान रहेगा। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। व्यर्थ प्रपंच में समय न गंवाकर काम पर ध्यान दीजिए। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। मान-सम्मान में वृद्घि होगी। शुभांक-2-5-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 28°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़