इंदौर, 29 जुलाई।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर तेजाजी नगर बायपास स्थित ग्राम मिर्जापुर के जयगुरुदेव आश्रम में बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और सेवा का संगम देखने को मिला। मालवा-निमाड़ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे, जिससे पूरा परिसर 'जयगुरुदेव' के जयघोष से गूंज उठा।
जयगुरुदेव संगत इंदौर के अध्यक्ष चतुर सिंह राजावत ने बताया कि सुबह 8 बजे विशेष गुरु पूजन, आरती और अर्चना के साथ धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके बाद सत्संग, सुमिरन और पूज्य गुरु महाराज के संदेशों का वाचन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को शाकाहार अपनाने, नशामुक्त जीवन जीने, समाज सेवा करने और नैतिक मूल्यों का पालन करने का संकल्प भी दिलाया गया।
आश्रम परिसर में दोपहर से विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया। आयोजकों के अनुसार शाम 5 बजे तक 10 हजार से अधिक श्रद्धालु महाप्रसादी ग्रहण कर चुके थे। देर शाम तक श्रद्धालुओं का आगमन और प्रसाद वितरण का क्रम लगातार जारी रहा।
आयोजन को लेकर जयगुरुदेव आश्रम को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रात्रि में विद्युत सज्जा से पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल पंडाल, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा सहायता, वाहन पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
चतुर सिंह राजावत तथा पदाधिकारियों मोहन सलावरिया और छोटेलाल जायसवाल ने बताया कि आयोजन की व्यवस्थाओं के संचालन के लिए 250 से अधिक सेवादार तैनात किए गए थे। वहीं, तेजाजी नगर बायपास से आश्रम तक यातायात और पार्किंग की अलग व्यवस्था होने से श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

















