छिंदवाड़ा, 29 जुलाई।
छिंदवाड़ा स्थित एक निजी डीपीएस स्कूल के प्रबंधन के खिलाफ विद्यालय के एक कर्मचारी ने वेतन भुगतान, सेवा संबंधी मामलों और कथित उत्पीड़न को लेकर कलेक्टर से शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आ सका था।
शिकायतकर्ता गोपाल सूर्यवंशी ने कलेक्टर को सौंपे आवेदन में बताया कि वह वर्ष 2021 से विद्यालय में कार्यरत रहे हैं। उनका आरोप है कि सेवा अवधि के दौरान उन्हें नियमित रूप से वेतन का भुगतान नहीं किया गया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
आवेदन में उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि स्कूल प्रबंधन ने उनके पुत्र की शिक्षा शुल्क में रियायत देने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में उसे पूरा नहीं किया। इसके अलावा एनसीसी में एसोसिएट ऑफिसर बनने के बाद चार वर्ष तक पद पर बनाए रखने का भरोसा भी दिया गया था, लेकिन बाद में उन्हें सेवा से हटा दिया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्हें भविष्य निधि (पीएफ) और अन्य देय राशि का भुगतान भी नहीं किया गया। साथ ही उनके बच्चों का स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी) जारी नहीं होने से परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर बकाया वेतन, पीएफ और अन्य लंबित देयकों का भुगतान सुनिश्चित कराने के साथ बच्चों का टीसी जारी कराने की मांग की है। दूसरी ओर, डीपीएस स्कूल प्रबंधन का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका था। शिकायत में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं, जिनकी पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।

















