देवरिया, 29 जुलाई।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक वांछित आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मामले से संबंधित पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया। आरोपित के खिलाफ थाना बनकटा में दर्ज मुकदमे के आधार पर कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय ने बताया कि एएचटी थाना पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बनकटा थाना क्षेत्र के निवासी प्रिन्स कुमार खरवार (21) को बनकटा मार्केट के पास से गिरफ्तार किया। आरोपित लंबे समय से मामले में वांछित था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने संबंधित पीड़िता को भी सुरक्षित बरामद कर लिया। आरोपित को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, पीड़िता को नियमानुसार आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कराते हुए संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

















