भोपाल, 29 जुलाई।
मध्य प्रदेश में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए उच्च शिक्षा में प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त महाविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित है। विभाग ने कहा है कि प्रवेश की समय-सीमा आगे बढ़ाने की कोई संभावना नहीं है, इसलिए जिन विद्यार्थियों ने अब तक प्रवेश नहीं लिया है, वे निर्धारित अवधि के भीतर अपनी प्रक्रिया पूरी कर लें।
जनसंपर्क अधिकारी राजेश दाहिमा ने बुधवार को बताया कि प्रदेश में उच्च शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों का उत्साह लगातार बना हुआ है। अब तक स्नातक, स्नातकोत्तर और एनसीटीई पाठ्यक्रमों में करीब 5 लाख विद्यार्थी प्रवेश ले चुके हैं। इनमें कला संकाय सबसे अधिक पसंद किया गया है, जहां 2,26,090 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। इसके अलावा विज्ञान संकाय में 1,32,127, वाणिज्य संकाय में 64,704, विधि संकाय में 21,130 तथा एनसीटीई पाठ्यक्रमों में 46,566 विद्यार्थियों ने प्रवेश प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि पिछले शैक्षणिक सत्र की तुलना में विधि संकाय में प्रवेश संख्या बढ़ी है, जो विधि शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि को दर्शाती है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के कई शासकीय महाविद्यालयों में लोकप्रिय पाठ्यक्रमों की अधिकांश सीटें भर चुकी हैं और अंतिम चरण में भी प्रवेश प्रक्रिया तेजी से जारी है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सभी महाविद्यालयों में प्रवेश सहायता केंद्र और हेल्पडेस्क संचालित किए जा रहे हैं। विभाग ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम समय तक इंतजार न करें और 31 जुलाई से पहले अपनी पसंद के महाविद्यालय एवं पाठ्यक्रम में प्रवेश सुनिश्चित कर लें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद प्रवेश का कोई अवसर उपलब्ध नहीं होगा।

















