Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

राजनीति
29 Jul, 2026

भोपालकिसान आंदोलन पर बढ़ी सियासी गर्मी, सरकार-विपक्ष में तेज हुई बयानबाजी

सरकार ने मंत्रियों की समिति बनाकर संवाद का भरोसा दिया, जबकि कांग्रेस और सीजेपी ने किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार को घेरा।

भोपाल, 29 जुलाई।

भोपाल में जारी किसान आंदोलन के बीच सियासी माहौल भी गरमा गया है। एक ओर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए मंत्रियों की समिति गठित करने की घोषणा करते हुए बातचीत के जरिए हल निकालने की बात कही, वहीं कांग्रेस ने इसे अपर्याप्त बताते हुए सरकार पर किसानों की अनदेखी और संवेदनहीन रवैये का आरोप लगाया। इस बीच सीजेपी ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए किसानों की मांगों को उचित ठहराया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से जुड़े सभी मुद्दों पर सकारात्मक संवाद के पक्ष में है। उन्होंने बताया कि आंदोलनकारी किसानों से चर्चा कर समाधान तलाशने के लिए मंत्रियों का एक दल गठित किया गया है, जो उनसे बातचीत करेगा।

मुख्यमंत्री के बयान के बाद विपक्ष ने सरकार को घेरते हुए कहा कि हजारों किसान अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय समय बिताने का प्रयास कर रही है। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि केवल समिति बना देने से किसानों की समस्याएं दूर नहीं होंगी। सरकार को सीधे किसानों से बातचीत कर उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पदयात्रा करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और इसे रोकने या दबाने का प्रयास उचित नहीं है। उनके अनुसार सरकार को किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों की हर जायज मांग के साथ खड़ी है तथा मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी, एमएसपी की व्यवस्था, खाद वितरण प्रणाली में सुधार और किसानों से जुड़े लंबित मामलों का जल्द निराकरण चाहती है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम के बरखेड़ा से शुरू हुई किसान क्रांति पदयात्रा अब राजधानी पहुंच चुकी है और हजारों किसान परिवार अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर डटे हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से किसानों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने की अपील करते हुए आरोप लगाया कि सरकार अहंकार के कारण उनकी आवाज सुनने से बच रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों का सम्मानजनक समाधान किया जाना चाहिए।

इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने भी आंदोलन का समर्थन किया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से कहा कि भोपाल में किसानों का आक्रोश अब सड़कों पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि हजारों किसान अपनी प्रमुख मांगों को लेकर नर्मदापुरम रोड और वीर सावरकर सेतु पर डटे हुए हैं।

अभिजीत दिपके ने कहा कि सरकार और प्रशासन के साथ अब तक किसी निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी है। किसानों का कहना है कि उनकी सभी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि मूंग की फसल की 100 प्रतिशत खरीदी एमएसपी पर सुनिश्चित की जाए और खाद के लिए लागू ई-टोकन व्यवस्था तत्काल समाप्त की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात जाम के कारण आसपास के स्कूलों तथा आवागमन पर भी असर पड़ा है। उनके अनुसार सीजेपी की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और किसानों के अधिकारों के समर्थन में आगे भी आवाज उठाती रहेगी।

|
आज का राशिफल

बुद्घि व धन का दुरूपयोग न करें। व्यापार में स्थिति नरम रहेगी। भ्रातृपक्ष में विरोध की संभावना है। आय-व्यय समान रहेगा। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। व्यर्थ प्रपंच में समय न गंवाकर काम पर ध्यान दीजिए। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। मान-सम्मान में वृद्घि होगी। शुभांक-2-5-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 28°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़