कानपुर, 29 जुलाई।
आईआईटी कानपुर के संज्ञानात्मक विज्ञान विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. अन्वेषणा श्रीवास्तव की शिकायत पर कल्याणपुर थाना पुलिस ने उनके पति निशीष श्रीवास्तव के खिलाफ घरेलू हिंसा, मारपीट, जान से मारने की धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, डॉ. अन्वेषणा श्रीवास्तव ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, अभद्र व्यवहार किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के समर्थन में उन्होंने कुछ दस्तावेज, फोटोग्राफ तथा पूर्व में अधिकारियों को भेजी गई शिकायतों का भी उल्लेख किया है।
शिकायत मिलने के बाद कल्याणपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक इंद्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों का संकलन कर रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि महिला प्रोफेसर की तहरीर के आधार पर उनके पति के विरुद्ध घरेलू हिंसा से संबंधित अभियोग दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

















