Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

अपराध
29 Jul, 2026

रायपुर में पीतल का हार बेचकर ठगी करने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह पकड़ा गया

मुंबई से गिरफ्तार तीन आरोपितों के पास से नकदी, फर्जी आधार कार्ड और ठगी में इस्तेमाल की गई सामग्री बरामद हुई।

रायपुर, 29 जुलाई।

रायपुर पुलिस ने खुदाई में पुराना सोना मिलने का झांसा देकर पीतल का हार बेचने वाले एक अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपितों को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने न्यू राजेंद्र नगर, तेलीबांधा और डीडी नगर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग मामलों में 22.50 लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने उनके कब्जे से 9 लाख रुपये नकद, 12 चांदी के सिक्के, पीतल के आभूषण, चार मोबाइल फोन और चार फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य आरोपित शंभू राय स्टोन (राशि पत्थर) बेचने के दौरान आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को निशाना बनाता था। वह खुद को दिहाड़ी मजदूर बताकर खुदाई में पुराने सोने के आभूषण मिलने की कहानी सुनाता और भरोसा जीतने के लिए जांच हेतु असली सोने का छोटा नमूना देता था। नमूना असली मिलने पर पीड़ित उसके झांसे में आ जाते और बाद में उन्हें लाखों रुपये में पीतल का हार बेच दिया जाता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह दिल्ली के करोल बाग से पीतल के आभूषण खरीदकर लाता था और उन्हें सोने का हार बताकर बेचता था। वारदात के दौरान दो महिलाओं को अपनी मां या रिश्तेदार बताकर साथ रखा जाता था, जिससे पीड़ित आसानी से विश्वास कर लेते थे। तीनों मामलों में पीड़ितों से क्रमशः 2.50 लाख, 10 लाख और 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।

सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की लोकेशन मुंबई में ट्रेस की। इसके बाद मुख्य आरोपित शंभू राय, गीता गुजराती और शांति गुजराती को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित केशव नगर केनाल पटरी क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में एक दर्जन से अधिक वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह देशभर में करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है।

आरोपितों के खिलाफ संबंधित थानों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

|
आज का राशिफल

बुद्घि व धन का दुरूपयोग न करें। व्यापार में स्थिति नरम रहेगी। भ्रातृपक्ष में विरोध की संभावना है। आय-व्यय समान रहेगा। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। व्यर्थ प्रपंच में समय न गंवाकर काम पर ध्यान दीजिए। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। मान-सम्मान में वृद्घि होगी। शुभांक-2-5-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 28°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़