बडगाम, 29 जून।
बडगाम पुलिस ने हार्डपानज़ू इलाके में शिया समुदाय के दो गुटों के बीच हुए विवाद के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने साफ किया है कि इस घटना की गहन और निष्पक्ष जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच, प्रशासन ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अफवाहों को लेकर कड़ी चेतावनी जारी की है। भ्रामक खबरें फैलाने से सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ सकता है, इसलिए जनता को केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। इंटरनेट मीडिया पर नजर रखी जा रही है और भड़काऊ सामग्री साझा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। सभी वर्गों से जांच प्रक्रिया में सहयोग का आग्रह किया गया है।













