जगदलपुर, 18 मई।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर माओवाद के खिलाफ संघर्ष में शहीद हुए एक हजार से अधिक जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहे।
अमित शाह ने कहा कि बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास की स्थापना में सुरक्षाबलों के जवानों का योगदान और बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाएगा। साथ ही स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार माओवाद के समूल उन्मूलन और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रवास के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री ने बीजापुर नक्सली हमले में शहीद जवान कालेन्द्र प्रसाद नायक और पवन कुमार मंडावी के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवारों के बीच बैठकर उनका हाल जाना, दुख साझा किया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षाबलों के जवानों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान छत्तीसगढ़ हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। बस्तर में शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ने में सुरक्षाबलों की अहम भूमिका रही है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण देव सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।




.jpg)

.jpg)






