गुवाहाटी, 28 मार्च।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज दो दिवसीय दौरे पर असम के गुवाहाटी पहुंचेगे। विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए उनके दौरे में राजनीतिक सभाओं, रोड शो और वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा शामिल होगी।
असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद दिलीप सैकिया ने बताया कि शाह शनिवार दोपहर लगभग 2ः35 बजे गुवाहाटी के बोरझार हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे कोईनाधारा गेस्ट हाउस जाएंगे, जहां पार्टी के नेताओं के साथ चुनाव तैयारियों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद 3ः50 बजे वे वहां से निकलकर शाम 4ः15 बजे गुवाहाटी में रोड शो करेंगे। शाम करीब 6 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं और विभिन्न टोलियों के साथ राजनीतिक चर्चा होगी।
बीती रात से गुवाहाटी में बारिश हो रही है, जिससे चुनाव प्रचार में बाधा उत्पन्न हो रही है। इसके चलते अमित शाह के रोड शो को लेकर भी सुरक्षा और आयोजन के उपायों पर ध्यान दिया जा रहा है। मौसम खराब रहने पर भाजपा को विशेष तैयारी करनी होगी।
अमित शाह अगले दिन 29 मार्च को असम के कई स्थानों में पार्टी के चुनावी कार्यक्रमों में शामिल होंगे। ढेकियाजुली और टिहू क्षेत्र में आयोजित चुनावी सभाओं में वे उपस्थित रहेंगे। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे। भाजपा ने प्रधानमंत्री समेत कुल 40 स्टार प्रचारकों को चुनावी अभियान में उतारा है।
आगामी दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री समेत अन्य राज्यों के वरिष्ठ नेता भी असम का दौरा करेंगे। वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी राज्य में चुनाव प्रचार करेंगे।












