हैदराबाद, 26 मार्च 2026।
आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार टिप्पर और निजी बस की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। इस दुर्घटना में 10 यात्रियों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस के अनुसार यह हादसा सुबह 6:00 से 6:30 बजे के बीच रायावरम गांव के पास हुआ। 'हरिकृष्णा ट्रैवल्स' की निजी बस तेलंगाना के निर्मल से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जा रही थी।
मार्कपुरम के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा तब हुआ जब बस मोड़ ले रही थी और तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों वाहनों ने तुरंत आग पकड़ ली, जिससे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
अब तक 10 यात्रियों के जलकर मौत की पुष्टि हुई है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। लगभग 20 घायल यात्रियों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। बस के अगले हिस्से में बैठे करीब 10 यात्री सुरक्षित निकलने में सफल रहे, लेकिन पिछले हिस्से में बैठे लोग आग की लपटों में फंस गए।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और वरिष्ठ अधिकारियों से स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए। स्थानीय विधायक कंदुला नारायण रेड्डी ने भी घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों की समीक्षा की। पुलिस मृतकों की पहचान और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच में जुटी है।












