कोकराझार (असम), 17 मार्च 2026।
बोडोलैंड की प्रमुख क्षेत्रीय पार्टी यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) ने आगामी असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सात निर्वाचन क्षेत्रों से अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। यह चुनाव 9 अप्रैल को होना है।
पार्टी की आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार यूपीपीएल के अध्यक्ष और बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) के पूर्व मुख्य कार्यकारी सदस्य प्रमोद बोड़ो ने पार्टी की केंद्रीय और कोर समिति की सिफारिशों के बाद उम्मीदवारों को मंजूरी दी। अनिंदा बासुमतारी 1 नंबर गोसाईगांव से, राजू कुमार नार्जारी 2 नंबर दोतमा (एसटी) से, लॉरेंस इस्लारी 3 नंबर कोकराझार (एसटी) से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी अध्यक्ष प्रमोद बोड़ो 43 नंबर तामुलपुर (एसटी) सीट से चुनाव मैदान में हैं। 45 नंबर भेरगांव से नेरस्वन बोड़ो, 46 नंबर उदलगुरी (एसटी) से दिपेन बोड़ो और 20 नंबर बिजनी से कमलसिंह नार्जारी उम्मीदवार हैं।
उम्मीदवारों की यह सूची यूपीपीएल महासचिव (प्रशासन) राजू कुमार नार्जारी द्वारा व्यापक जन-प्रसार के लिए औपचारिक रूप से जारी की गई है। यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब राज्य में राजनीतिक दल भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लागू आदर्श आचार संहिता के बाद विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं।
यूपीपीएल आगामी चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से बाहर निकलने पर विचार कर रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, 10 मार्च को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को पत्र भेजा गया था, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला, जिसके बाद एनडीए गठबंधन से हटने पर आंतरिक चर्चा शुरू हुई।
राजू कुमार नार्जारी ने मीडिया से कहा कि कोर समिति की बैठक में इस विषय पर चर्चा हुई थी और आधिकारिक निर्णय कल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में रोड रैलियां शुरू कर दी गई हैं और अंतिम फ़ैसला जनता की इच्छा अनुसार होगा।
नार्जारी ने यह भी कहा कि बीटीसी में सत्ता का संतुलन बना रहना चाहिए और अगर लोग अपने एमसीएलए से संतुष्ट नहीं हैं तो वे अक्सर विधायक की ओर रुख करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्टी सबसे अच्छा प्रदर्शन करेगी।
गौरतलब है कि भाजपा ने एनडीए के प्रत्याशी के तौर पर प्रमोद बोड़ो को राज्यसभा का उम्मीदवार नहीं बनाया, लेकिन उनकी जीत को सुनिश्चित किया। ऐसे में प्रमोद बोड़ो का अकेले विधानसभा चुनाव लड़ना एनडीए के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है।












