सरकार व नीतियाँ
27 Apr, 2026

बनारस-पुणे और अयोध्या-मुंबई अमृत भारत ट्रेनें होंगी शुरू

प्रधानमंत्री मंगलवार को बनारस-पुणे और अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे किफायती और आधुनिक रेल यात्रा को बढ़ावा मिलेगा।

नई दिल्ली, 27 अप्रैल

रेल मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से दो नई साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत की घोषणा की है। इसके तहत प्रधानमंत्री मंगलवार को बनारस-हडपसर (पुणे) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।

इन दोनों ट्रेनों को विशेष रूप से कम और मध्यम आय वर्ग के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इनमें जनरल और स्लीपर कोच के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए बेहतर सीटिंग व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, आपातकालीन सिस्टम, अग्निशमन उपकरण, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और दिव्यांगजन के लिए अनुकूल सुविधाएं शामिल हैं।

बनारस-हडपसर अमृत भारत एक्सप्रेस लगभग 30 घंटे में अपना सफर पूरा करेगी। यह ट्रेन प्रयागराज, झांसी, भोपाल, इटारसी, भुसावल, जलगांव और मनमाड जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। यह सेवा धार्मिक नगरी काशी को पुणे जैसे प्रमुख आईटी और औद्योगिक केंद्र से सीधे जोड़ेगी, जिससे यात्रियों, छात्रों और श्रमिक वर्ग को बड़ा लाभ मिलेगा।

वहीं अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस लगभग 28 घंटे में यात्रा पूरी करेगी। यह ट्रेन सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सतना, जबलपुर, इटारसी, नासिक और ठाणे जैसे प्रमुख मार्गों से होकर मुंबई पहुंचेगी। इससे अयोध्या और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और प्रवासी श्रमिकों को सस्ती और सीधी रेल सेवा उपलब्ध होगी।

रेल मंत्रालय के अनुसार इन नई ट्रेनों के संचालन से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही रोजगार के लिए यात्रा करने वाले लोगों को भी बड़ी सुविधा प्राप्त होगी। इससे व्यापार, कृषि और छोटे उद्योगों को भी नए बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी। इन सेवाओं के शुरू होने के साथ ही देश में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर 64 हो जाएगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़