जगदलपुर, 21 मार्च 2026।
बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में चार अप्रैल को पहली बार 'गरुड़ा द राइडर्स क्लब' के द्वारा बस्तर राइडर्स मीट 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर के बाइक राइडर्स और राइडिंग प्रेमी हिस्सा लेंगे।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, पारंपरिक खानपान और वेशभूषा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करना है। इसके साथ ही राइडर्स को बस्तर के प्राकृतिक सौंदर्य और प्रमुख पर्यटन स्थलों से परिचित कराया जाएगा।
आयोजन समिति ने जिले के विभिन्न विभागों के साथ समन्वय कर खास 'बस्तर दर्शन' कार्यक्रम तैयार किया है। इस दौरान बाइकर्स को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा और सुरक्षित राइडिंग के फायदे बताए जाएंगे। राइडर्स अपने अनुभव साझा कर युवा प्रतिभाओं को प्रेरित करेंगे। इच्छुक प्रतिभागी व्हाट्सएप या कॉल के माध्यम से 6263437809 और 7240839494 पर संपर्क कर सकते हैं।
मुख्य आकर्षणों में बाइक शो और प्रदर्शनी शामिल है, जिसमें विभिन्न ब्रांड की बाइकों का प्रदर्शन होगा। राइडिंग शो में कुशल राइडर्स के रोमांचक स्टंट देखे जा सकेंगे। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ मॉडिफाइड, विंटेज और सुपरबाइक के लिए पुरस्कार दिए जाएंगे।
बस्तर टैलेंट शोकेस में स्थानीय कलाकारों और संगीतकारों की प्रस्तुति होगी। सांस्कृतिक फूड फेस्टिवल में बस्तर के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन बाइक प्रेमियों, स्थानीय प्रतिभाओं और बस्तरवासियों के लिए उत्सव का माहौल तैयार करेगा, जहां राइडिंग का जुनून और बस्तर की सांस्कृतिक धरोहर एकसाथ नजर आएगी।











