काठमांडू, 15 अप्रैल।
नेपाल सरकार ने भारत से लगी खुली सीमा पर निगरानी व्यवस्था को 24 घंटे मजबूत करने के लिए व्यापक सुरक्षा उपायों को मंजूरी दी है। घुसपैठ, तस्करी और सीमा पार अपराधों को रोकने के उद्देश्य से कई नए निर्देश लागू किए गए हैं।
सशस्त्र प्रहरी बल के प्रवक्ता डीआईजी विष्णु प्रसाद भट्ट के अनुसार, भारत से सटी नेपाल की 27 जिलों की सीमाओं पर अतिरिक्त 3000 जवानों की तैनाती का निर्णय लिया गया है। यह कदम पूर्वी झापा से लेकर पश्चिमी कंचनपुर तक के पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्रों में 24 घंटे लगातार गश्त सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके साथ ही पहाड़ी इलाकों से सुरक्षा बलों की तैनाती को स्थानांतरित कर सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थायी उपस्थिति बढ़ाने की योजना भी बनाई गई है।
सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए गृह मंत्रालय ने 100 नए वॉच टावर स्थापित करने का निर्देश दिया है, जिस पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। साथ ही बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।
सरकार ने नेपाल-भारत सीमा पर मौजूदा 260 बीओपी को बढ़ाकर 426 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिससे निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सके।



.jpg)






.jpg)