भोपाल, 17 मार्च 2026।
मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उज्जैन में 77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गीता भवन का भूमि-पूजन करेंगे। इसके साथ ही उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा लागू की जा रही नगर विकास योजनाओं एवं सिंहस्थ 2028 के विकास कार्यों के अंतर्गत 662.46 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भी भूमि-पूजन किया जाएगा।
जनसम्पर्क अधिकारी कपिम मिश्रा ने बताया कि नगर विकास योजना ग्राम नीमनवासा, धतरावदा एवं लालपुर में 473.32 हैक्टेयर में लागू की जा रही है। इसमें लगभग 35 कि.मी. लंबे 24 मी. और 30 मी. के सीसी रोड, सीवर लाइन, वॉटर लाइन, स्थायी अंडरग्राउंड विद्युतीकरण, स्ट्रीट लाइट आदि विकास कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों पर 160.39 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
उन्होंने बताया कि विक्रम नगर आरओबी का निर्माण 30.68 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। यह निर्माण विक्रम उद्योगपुरी के पास एमआर 5 से नगर विकास योजना क्रं.-03, 04, 05 और 06 को जोड़ने के लिए किया जा रहा है। आरओबी से रेलवे लाइन क्रॉसिंग से शहर को जोड़ने का कार्य आसान होगा और सिंहस्थ के दौरान मक्सी और देवास से आने वाले यातायात में सुगमता आएगी।
साथ ही नवीन सिंहस्थ मेला कार्यालय भवन का भी भूमि-पूजन होगा। इसका निर्माण 29.84 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। यह जी+1 भवन 63 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल में बनेगा और सिंहस्थ के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं के प्रबंधन एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र स्थापित होगा।












