भोपाल, 04 नवंबर।
भारतीय जनता पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा बुधवार को टीटी नगर स्थित प्लेटिनम प्लाजा के पास अटल पथ से शुरू हो गई। केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल इसमें शामिल हुए।
पदयात्रा अटल पथ से शुरू होकर रोशनपुरा चौराहे की ओर बढ़ रही है। इससे पहले अटल पथ पर सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, प्रदेश सरकार के मंत्री, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी शामिल हैं।
भाजपा ने भोपाल और नर्मदापुरम संभाग से करीब एक लाख लोगों की सहभागिता का दावा किया है। पदयात्रा में विभिन्न सामाजिक वर्गों, व्यापारी संगठनों, खेल संस्थाओं और शहर के गणमान्य नागरिकों की भागीदारी भी प्रस्तावित है।
पदयात्रा के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है। प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात व्यवस्था का ध्यान रखते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।















