भोपाल, 3 नवंबर।
मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी, भौंरी स्थित परेड ग्राउंड में मंगलवार को 44वें और 45वें बैच के उप पुलिस अधीक्षकों का दीक्षांत समारोह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री परेड की सलामी लेंगे और उसका निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही बैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को शील्ड और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
दोनों बैचों के कुल 48 अधिकारी प्रशिक्षण पूरा कर प्रदेश की सेवा के लिए तैयार हुए हैं। इनमें जिला बल के 37, रेडियो संवर्ग के 9 और जिला सेनानी, होमगार्ड के 2 अधिकारी शामिल हैं।
प्रशिक्षण पूरा करने वाले अधिकारियों में 20 महिलाएं और 28 पुरुष हैं। दीक्षांत समारोह के बाद ये सभी अधिकारी प्रदेश में पुलिस सेवाओं की जिम्मेदारी संभालने के लिए उपलब्ध होंगे।















