मध्य प्रदेश
16 May, 2026

भोपाल में शिक्षक भर्ती को लेकर डीपीआई पर उग्र प्रदर्शन, पदवृद्धि की मांग तेज

शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने, दूसरी काउंसलिंग और जल्द नियुक्ति की मांग को लेकर भोपाल में अभ्यर्थियों ने डीपीआई कार्यालय के बाहर उग्र प्रदर्शन किया।

भोपाल, 16 मई।

मध्य प्रदेश शिक्षक भर्ती परीक्षा-2025 से जुड़े चयनित और पात्र अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन शनिवार को राजधानी भोपाल में तेज हो गया। वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने, दूसरी काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू करने और शीघ्र नियुक्ति देने की मांग को लेकर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) पहुंचे और प्रदर्शन किया।

दोपहर के समय शुरू हुए प्रदर्शन में अभ्यर्थी भीषण गर्मी के बीच डीपीआई कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे। इसी दौरान तेज धूप की वजह से एक महिला अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ गई, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना के बाद एंबुलेंस पहुंची, लेकिन अभ्यर्थी ने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया और प्रदर्शन स्थल पर ही बनी रही। साथी प्रदर्शनकारियों ने पानी, दवाइयों और एनर्जी ड्रिंक की मदद से उसकी तबीयत संभाली।

प्रदर्शन के बढ़ते स्वरूप को देखते हुए पुलिस ने अभ्यर्थियों को परिसर खाली करने की चेतावनी दी। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस की स्थिति भी बनी रही। अभ्यर्थियों का आरोप है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे हैं, लेकिन प्रशासन उनकी समस्याओं को सुनने के बजाय दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है। उनका कहना है कि डीपीआई के अधिकारी भी बातचीत के लिए सामने नहीं आए।

प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने बताया कि नवंबर 2025 से अब तक वे कई बार भोपाल पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर चुके हैं। इस दौरान भूख हड़ताल, मुंडन, मार्कशीट जलाने और मुख्यमंत्री के नाम खून से पत्र लिखने जैसे विरोध प्रदर्शन भी किए गए, लेकिन अब तक किसी प्रकार का ठोस फैसला नहीं हुआ। उनका कहना है कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी होने के बावजूद भर्ती में सीमित पद जारी किए गए हैं, जिससे बड़ी संख्या में योग्य अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया से बाहर रह जा रहे हैं।

अभ्यर्थियों के मुताबिक स्कूल शिक्षा विभाग में बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं और प्रदेश के कई स्कूल सीमित शिक्षकों के भरोसे संचालित हो रहे हैं। उनका कहना है कि खाली पदों पर भर्ती बढ़ने से न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी है कि वर्ग-2 शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या कम से कम 10 हजार की जाए। खेल, संगीत, नृत्य, गायन और वादन जैसे विषयों में भी पद बढ़ाए जाएं। वर्ग-3 प्राथमिक शिक्षक भर्ती में 25 हजार पद किए जाएं तथा दोनों भर्तियों में दूसरी काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द शुरू हो। इसके साथ ही 3200 विशेष शिक्षक पदों के लिए अलग भर्ती प्रक्रिया लागू करने की मांग भी उठाई गई।

अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उनका कहना है कि यह मामला केवल भर्ती का नहीं, बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़ा है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़