अररिया, 16 मई।
अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच शुरू हुई नई अमृत भारत ट्रेन सेवा को फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने देर रात लगभग साढ़े बारह बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर रेलवे से जुड़े अधिकारी, संगठन प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सांसद के साथ नरपतगंज विधायक देवयंती यादव भी कार्यक्रम में मौजूद थीं।
यह रेल सेवा सीमांचल, कोसी और मिथिलांचल क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात के रूप में देखी जा रही है, जिसकी लंबे समय से मांग की जा रही थी। इस नई ट्रेन के संचालन से व्यापार, शिक्षा, रोजगार और पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अमृत भारत ट्रेन संख्या 14664 गुरुवार रात 12:45 बजे अमृतसर से रवाना होकर शनिवार सुबह 4:15 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन संख्या 14663 के रूप में प्रत्येक शनिवार सुबह 8:00 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से प्रस्थान करेगी और सिलीगुड़ी, ठाकुरगंज, अररिया होते हुए दोपहर 12:28 बजे फारबिसगंज पहुंचेगी। इसके बाद यह नरपतगंज, राघोपुर, सरायगढ़, रक्सौल, सीतामढ़ी, गोरखपुर, बरेली, मुरादाबाद, अंबाला कैंट, लुधियाना और जालंधर होते हुए सोमवार तड़के 2:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी।
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ट्रेन क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल रोज़गार के लिए बाहर जाने वाले श्रमिकों को लाभ मिलेगा, बल्कि धार्मिक, शैक्षणिक और पर्यटन क्षेत्रों में भी सुविधा बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि यह ट्रेन सीमांचल क्षेत्र को नई पहचान देगी और अयोध्या सहित धार्मिक स्थलों की यात्रा को भी आसान बनाएगी। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास, कनेक्टिविटी और नए अवसरों की मजबूत शुरुआत बताया और कहा कि अब सीमांचल देश की मुख्यधारा से और तेजी से जुड़ रहा है।














.jpg)
.jpg)