अमृतसर, 14 मई।
अमृतसर रेलवे स्टेशन को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री रवनीत सिंह ने बताया कि स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के लिए 402 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान की गई है। इसके साथ ही स्टेशन पर पांच नए प्लेटफॉर्म विकसित करने के लिए अतिरिक्त 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी गई है।
मीडिया से चर्चा के दौरान रवनीत सिंह ने कहा कि अमृतसर रेलवे स्टेशन केवल आवाजाही का केंद्र नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और देशभक्ति की भावना से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे इसकी पहचान और अधिक मजबूत होगी। परियोजना के तहत यार्ड रीमॉडलिंग और विस्तार का कार्य बड़े स्तर पर किया जाएगा। स्टेशन परिसर में पांच नए प्लेटफॉर्म तैयार होंगे, जिनमें दो उत्तरी हिस्से और तीन दक्षिणी हिस्से में बनाए जाएंगे। यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने और ट्रेनों की भीड़ कम करने के उद्देश्य से पांच नई यात्री लूप लाइनें भी विकसित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि अमृतसर में वंदे भारत ट्रेनों के लिए नया मेंटेनेंस शेड तैयार किया जाएगा। स्टेशन के उत्तरी क्षेत्र में सात कॉमर्शियल फ्लोर के साथ आधुनिक जी प्लस 10 भवन का निर्माण होगा, वहीं दक्षिणी हिस्से में जी प्लस 3 स्टेशन भवन बनाया जाएगा। यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए स्टेशन के दोनों हिस्सों को जोड़ने हेतु दो नए सबवे बनाए जाएंगे। इसके अलावा लिफ्ट, एस्केलेटर, आधुनिक पार्किंग, यातायात प्रबंधन प्रणाली और कवर ड्रॉप-ऑफ जोन जैसी व्यवस्थाएं भी विकसित की जाएंगी।
इसी मौके पर रवनीत सिंह ने अमृतसर रेलवे स्टेशन से अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर न्यू जलपाईगुड़ी के लिए रवाना किया। यह साप्ताहिक ट्रेन पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के कई अहम शहरों को जोड़ते हुए दोनों स्थानों के बीच संचालित होगी। उन्होंने कहा कि आम यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई इस ट्रेन में आधुनिक एलएचबी कोच, सीसीटीवी निगरानी, अग्नि सुरक्षा प्रणाली, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और बेहतर शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
रवनीत सिंह ने जानकारी दी कि वर्ष 2026-27 में पंजाब के रेलवे बजट को बढ़ाकर 5,673 करोड़ रुपये किया गया है। राज्य में इस समय 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर काम जारी है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पंजाब के 30 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।








.jpg)



