पटना, 31 मार्च।
बिहार में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार बदल रहा है। कहीं तेज हवाएं, कहीं बारिश और कहीं गरज-चमक ने लोगों को गर्मी से कुछ राहत दी है। मौसम विभाग ने मंगलवार को बिहार के 18 जिलों में आंधी, बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी जारी की है और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, रोहतास, भभुआ (कैमूर), भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में तेज हवाओं के साथ ठनका गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
राजधानी पटना में इस मौसम प्रणाली का ज्यादा असर नहीं दिखेगा, लेकिन दिन में तेज धूप से तापमान बढ़ सकता है और लोगों को गर्मी से परेशानी हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार के बाद कुछ समय के लिए मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 4 अप्रैल से फिर राज्य में आंधी और बारिश की संभावना बढ़ सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।












