बिजनौर, 27 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में रेडक्रॉस सोसायटी की सदस्यता अनिवार्य करने के फैसले के खिलाफ इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने शुक्रवार को कड़ा विरोध जताया और विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी।
आईएमए की ओर से आयोजित सामान्य सभा में निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम, पैथोलॉजी लैब और ब्लड बैंक को रेड क्रॉस की सदस्यता लेने और आर्थिक सहयोग देने के निर्देशों पर चिकित्सकों ने आपत्ति जताई। सभा में उपस्थित चिकित्सकों ने सर्वसम्मति से कहा कि किसी भी संस्था की सदस्यता या वित्तीय योगदान को अनिवार्य नहीं किया जा सकता और इसे स्वैच्छिक ही रखा जाना चाहिए।
आईएमए पदाधिकारियों ने कहा कि बिना वैधानिक प्रावधान के इस प्रकार का दबाव संवैधानिक सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य जिलों में इस तरह का कोई निर्देश नहीं है और राज्य स्तर पर भी इस पर आपत्ति जताई गई है।
आईएमए ने स्पष्ट किया कि संगठन सदैव जनसेवा और मानवीय कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है और रेड क्रॉस सोसायटी जैसे संगठनों को स्वैच्छिक सहयोग देता रहा है, लेकिन किसी भी प्रकार की बाध्यता स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अनिवार्यता के निर्देश जारी रहते हैं तो आईएमए अपने सदस्यों के अधिकारों की रक्षा हेतु विधिक कदम उठाने को मजबूर होगा।












