भोपाल, 30 अप्रैल।
मध्यप्रदेश में भाजपा ने मिशन 2028 की तैयारियों को तेज करते हुए संगठनात्मक ढांचे को बूथ स्तर तक सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत जिला स्तर पर गठित कोर कमेटी की बैठक अब प्रत्येक दो माह में आयोजित करना अनिवार्य कर दिया गया है। अब तक यह बैठक स्थानीय नेतृत्व की सुविधा के अनुसार कभी भी तय की जाती थी और इसकी कोई निश्चित समय-सारणी नहीं थी, लेकिन प्रदेश नेतृत्व के नए निर्देशों के बाद इसे नियमित कर दिया गया है। इसके साथ ही 1 मई से बूथ से लेकर मंडल स्तर तक बैठकों की श्रृंखला शुरू होने जा रही है।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में हाल ही में जिलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करने को लेकर बैठक हुई थी। तय किया गया है कि 1 मई से 31 मई के बीच सभी जिलों में प्रशिक्षण वर्ग संपन्न किए जाएंगे। इन प्रशिक्षण सत्रों में सांसद, विधायक सहित पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे। जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण स्थल पर दो दिन रुकना अनिवार्य होगा और इस दौरान उन्हें घर जाने की अनुमति नहीं होगी, साथ ही मोबाइल उपयोग पर भी रोक रहेगी। संगठन ने इन निर्देशों को सख्ती से लागू करने के आदेश दिए हैं और उल्लंघन की स्थिति में सीधे प्रदेश संगठन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
इसके अलावा संगठनात्मक बैठकों का विस्तृत कार्यक्रम भी तय किया गया है, जिसके तहत बूथ से लेकर मंडल स्तर तक कार्यों की समीक्षा होगी और विभिन्न विषयों पर वक्ता संबोधन देंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार 1 से 7 मई तक मंडल स्तर, 7 से 10 मई तक जिला स्तर, 11 से 15 मई तक प्रदेश मोर्चा, 21 से 24 मई तक बूथ स्तर और 25 से 30 मई तक शक्ति केंद्रों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में वरिष्ठ नेताओं को प्रशिक्षण हेतु भेजा जाएगा।
इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना है। बूथ कार्यकर्ताओं की क्षेत्रीय जानकारी की परीक्षा प्रश्नोत्तर के माध्यम से की जाएगी, जबकि मंडल स्तर की तैयारियों का भी आकलन होगा। सभी गतिविधियों की रिपोर्ट जिला और प्रदेश संगठन को भेजी जाएगी।









