अपराध
09 May, 2026

रामपुर में वर्षा शालिका में मिला नेपाली युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

शिमला के रामपुर में वर्षा शालिका से नेपाली युवक का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

रामपुर, 09 मई

शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में एक नेपाली मूल के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक चौधरी अड्डा क्षेत्र में स्थित वर्षा शालिका में अचेत अवस्था में पड़ा मिला, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना रामपुर पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर शाम सूचना प्राप्त हुई कि चौधरी अड्डा में एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही सहायक उपनिरीक्षक सरजु राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद दो नेपाली नागरिकों की मौजूदगी में अचेत व्यक्ति को वर्षा शालिका से उठाकर उपचार के लिए खनेरी अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। मौके पर मौजूद नेपाली नागरिकों ने मृतक की पहचान 32 वर्षीय कर्ण ओली के रूप में की, जो नेपाल के रापती आंचल के बूरुकम जिला स्थित अर्मा गांव पालिका का निवासी बताया गया है।

पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों की उपस्थिति में शव का प्रारंभिक निरीक्षण किया। जांच में शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। साथ ही मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की गई, लेकिन किसी ने भी घटना को लेकर संदेह व्यक्त नहीं किया।

फिलहाल मृतक के परिजनों से संपर्क स्थापित नहीं हो सका है, जिनकी तलाश की जा रही है। शव को पहचान और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने तक खनेरी अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत की जा रही है और मौत के कारणों की गहन जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़