नोएडा, 24 मार्च।
नोएडा में मंगलवार को दर्जन भर निजी स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरे मेल में अज्ञात बदमाशों ने स्कूलों को उड़ाने की चेतावनी दी थी, जिससे पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गए।
अपर पुलिस उपायुक्त जोन प्रथम मनीषा सिंह ने बताया कि धमकी ई-मेल के बाद नोएडा पुलिस ने रामाज्ञा स्कूल, खेतान पब्लिक स्कूल, फादर एंजल स्कूल सहित अन्य स्कूलों में बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की। क्लास रूम को बंद करवाकर बच्चों को घर भेजा गया।
जांच के दौरान कहीं भी कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने बताया कि धमकी झूठी पाई गई है। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की झूठी धमकियां पहले भी कई बार स्कूलों में दी जाती रही हैं। ऐसे मामलों में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया जाता है और जांच जारी रहती है।












