बीजापुर, 21 मार्च 2026।
जिले में तेंदूपत्ता संग्राहकों के जीवन में सुधार लाने के लिए जिला प्रशासन ने बैंक खाते खुलवाने का विशेष अभियान शुरू किया है।
जिन संग्राहकों के पास अभी तक बैंक खाता नहीं है, उनके लिए अभियान गांव-गांव जाकर संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन और वन विभाग के संयुक्त प्रयास से यह पहल तेजी से आगे बढ़ रही है। इसका मुख्य उद्देश्य आगामी तेंदूपत्ता सीजन में सभी संग्राहकों को उनका पारिश्रमिक सीधे बैंक खाते के माध्यम से पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से मिलना सुनिश्चित करना है।
अभियान के तहत पात्र संग्राहकों की पहचान कर उन्हें बैंकिंग प्रक्रिया से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इससे भुगतान में पारदर्शिता बढ़ेगी और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी। संग्राहक सीधे अपना पूरा हक प्राप्त कर सकेंगे।
प्रशासन ने यह भी बताया कि बैंक खाता केवल भुगतान के लिए ही नहीं, बल्कि केंद्र और राज्य की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी जरूरी है। इस पहल से संग्राहकों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में इस योजना को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
संग्राहक बताते हैं कि बैंक खाता खुलने से भविष्य में कई योजनाओं का लाभ मिलेगा और उनकी आय सुरक्षित रहेगी। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि हर पात्र तेंदूपत्ता संग्राहक को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा जाए और उन्हें समय पर, पूर्ण एवं पारदर्शी भुगतान सुनिश्चित हो।










