काठमांडू, 03 अप्रैल 2026।
नेपाल की राजधानी काठमांडू में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चीनी नागरिक को करोड़ों रुपये के क्रिप्टो करेंसी कारोबार के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस मामले में आरोपित पर करीब 17 करोड़ 79 लाख रुपये से अधिक की राशि के लेनदेन में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय झू यी फेंग ठमेल क्षेत्र में रह रहा था और वहीं से अपने नेटवर्क का संचालन कर रहा था। बताया गया कि वह विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से नेपाली नागरिकों को प्रलोभन देकर अपने संपर्क में लाता था और उनके बैंक खातों का उपयोग कर धनराशि एकत्र करता था। इसके बाद इस रकम को क्रिप्टो करेंसी में परिवर्तित कर कारोबार किया जाता था।
जिला पुलिस काठमांडू के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि विशेष सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ठमेल क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान उसके पास से नेपाली मुद्रा में 17 करोड़ 79 लाख 70 हजार 371 रुपये के बराबर की क्रिप्टो करेंसी, तीन मोबाइल फोन और धन प्रेषण से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत से पांच दिन की रिमांड प्राप्त कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं।










