नई दिल्ली, 27 अप्रैल
उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात कर व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पूर्ण रूप से बनाए रखने का आग्रह किया। यह बैठक सोमवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में हुई, जहां इस विषय पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान अप्रैल से नवंबर तक देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं, जिससे व्यावसायिक एलपीजी की मांग में भारी वृद्धि हो जाती है। इस अवधि में राज्य को लगभग 9,67,949 व्यावसायिक सिलेंडरों की आवश्यकता होती है, ऐसे में नियमित और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि जून से सितंबर के बीच मानसून के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं की संभावना बढ़ जाती है, जहां राहत और बचाव कार्यों में एलपीजी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस स्थिति को देखते हुए लगभग 5 प्रतिशत अतिरिक्त यानी करीब 48,397 सिलेंडरों का आवंटन सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से पर्यटन पर आधारित है, जिसमें धार्मिक और साहसिक पर्यटन प्रमुख हैं। चारधाम यात्रा राज्य की आस्था, सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक गतिविधियों का मुख्य आधार है, इसलिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि केंद्र सरकार राज्य के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।










