नारायणपुर, 24 अप्रैल
जिले के मरकाबेडा गांव में आयोजित एक मृत्यु भोज के दौरान गोवंश की हत्या कर उसके मांस के उपयोग का गंभीर मामला सामने आने से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों के अनुसार एक ग्रामीण के घर पर गुरुवार को आयोजित दशकर्म कार्यक्रम के दौरान गोवंश की हत्या कर उसका मांस पकाया गया था। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और संगठनों की सूचना पर पुलिस तथा पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गोवंश के सींग, अवशेष तथा बड़ी मात्रा में मांस जब्त किया, जिससे घटना की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि उसके पास दो बैल थे, जिनमें से एक की प्राकृतिक मृत्यु हो चुकी थी, जबकि दूसरे को उसने स्वयं मारकर मृत्यु भोज में उपयोग किया। आरोपी ने इसे परंपरा से जुड़ी प्रक्रिया बताते हुए कहा कि मृतक के नाम पर पत्थर स्थापना से पहले सामूहिक भोज आयोजित किया जाता है।











