मथुरा, 21 मार्च।
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के कोसीकलां थाना क्षेत्र में गौ सेवक चंद्र शेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की सड़क हादसे में मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया गया कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद आक्रोशित समर्थकों ने इसे गौ तस्करों की साजिश बताते हुए आगरा-दिल्ली हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार फरसा वाले बाबा बरसाना क्षेत्र के आजनौख गांव में गौशाला संचालित करते थे। उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग ट्रक में गोवंश ले जा रहे हैं, जिसके बाद उन्होंने उनका पीछा किया। इसी दौरान नवीपुर गांव के पास ट्रक से कुचलने की घटना हुई। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में गोरक्षक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन करने लगे, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन भीड़ ने उग्र होकर पथराव शुरू कर दिया, जिससे पुलिस और प्रशासन के वाहनों को नुकसान पहुंचा। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। डीएम और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात को सामान्य करने में जुटे रहे।












